
धर्मशाला। घाटी में दो दिनों से जारी मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भारी बारिश से एनएच समेत जिला के अन्य सड़क मार्गों पर ल्हासे व पत्थर गिरने से यातायात प्रभावित हुआ।
एनएच पर गगल के पास ल्हासे व पत्थर गिरने से यातायात प्रभावित रहा। वहीं धर्मशाला-गगल सड़क मार्ग पर चैतड़ू से ऊपर भारी ल्हासे गिर गए। जबकि एक जगह सड़क का एक हिस्सा पूरी तरह से बैठ गया। इससे सड़क का डंगा नीचे खड्ड में पहुंच गया। ल्हासे गिरने से वाहन चालकों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। वहीं पपरोला में उतराला-बिनवानगर सड़क बीती रात से सुबह दस बजे तक ठप रही। हालांकि दोपहर से पहले ही सड़क मार्ग को बहाल कर दिया गया। इसके अलावा भारी बारिश से पपरोला इलाके में कई घरों व दुकानों में पानी घुस गया। शुक्रवार को कांगड़ा घाटी में सारा दिन रुक-रुक बारिश जारी रही। लोक निर्माण विभाग कर्मचारी व मशीनरी के साथ सड़क-मार्गों को बहाल करने में जुटा रहा। लेकिन बारिश जारी रहने से जिला भर में सड़कों पर ल्हासे व पत्थर गिरने का क्रम जारी है।
जमानाबाद पुल क्षतिग्रस्त, सड़क भी धंसी
कांगड़ा। घाटी में दो दिन से हो रही तेज बरसात से जमानाबाद के पुल और सड़क के बीच संपर्क टूट गया है। सड़क का करीब दस फुट हिस्सा धंस गया है। शुक्रवार सुबह से पुल से जमानाबाद व इसके साथ लगते क्षेत्र के लोगों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई है। पुल की मरम्मत में काफी समय लगने की आशंका जताई जा रही है।
तेज बरसात से जमानाबाद व अन्य गांवों को जोड़ने वाले मनूणी खड्ड के ऊपर बने पुल और सड़क के बीच शुक्रवार को संपर्क टूट गया। इस पुल के साथ लगती सड़क पर दूर-दूर तक क्रैक आ चुके हैं। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पुल से आवाजाही बंद करवा दी है। शुक्रवार को इस क्षेत्र के वाहनों समेत लोगों की आवाजाही वाया मटौर से हुई। वहीं कांगड़ा से जमानाबाद, बोदड़बल्ला-कोटक्वाला इत्यादि की ओर जाने वालों को अब कांगड़ा से वाया मटौर होकर जाना पड़ रहा है। लोनिवि के सहायक अभियंता दिनेश धीमान ने बताया कि भारी वर्षा के कारण इस पुल को क्षति पहुंचने से लगभग 5 लाख से ज्यादा का नुकसान हुआ है।
कूहना में दो स्लेटपोश मकान ढहे
रक्कड़ (कांगड़ा)। गांव कूहना में वीरवार रात से जारी बारिश से दो स्लेटपोश मकान ढह गए। हालांकि मकान के ढहने से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पहला मकान कला देवी और दूसरा उसी गांव के एक अन्य व्यक्ति का है। मकान ढहने से दोनों परिवारों का सारा सामान नीचे दब गया है। हादसे के बाद से ही पीड़ित परिवार पड़ोसी के घर रहने को मजबूर हैं। एसडीएम देहरा विनय कुमार ने बताया कि पटवारी को नुकसान का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं।
रसोईघर की एक दीवार गिरी
हरिपुर (कांगड़ा)। बारिश के चलते हरिपुर में यशपाल महाजन की स्लेटपोश रसोई की एक दीवार ध्वस्त हो गई। हादसे से कुछ समय पहले ही यशपाल की पत्नी कमलेश खाना बनाकर बार निकली थी।
