कहीं आपकी सेहत न खराब कर दे दूध

राजधानी में घटिया दूध बिक रहा है। बाजारों में पैकेट में बिक रहा दूध जांच में सब स्टैंडर्ड (घटिया स्तर का) पाया गया है। घटिया दूध बेचने वाली कंपनियों के खिलाफ कोर्ट में केस भी चल रहा है। अभिहीत अधिकारी (खाद्य सुरक्षा) अनुज थपलियाल ने बताया कि आंचल समेत परम डेयरी, गोपालजी और रिलायंस आदि कंपनियों का दूध जांच में सब स्टैंडर्ड पाया गया है।

नोटिस का आज तक कोई जवाब नहीं
दून घाटी में तेरह दूध कंपनियां अपना उत्पाद बेच रही हैं। इनमें आंचल डेयरी को छोड़कर बाकी सभी कंपनियां बाहर की हैं। थपलियाल ने बताया कि परम डेयरी और गोपालजी बुलंदशहर की हैं। रिलायंस का दूध मेरठ से आता है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने तीन माह पहले सभी कंपनियों के तीन-चार सैंपल लिए थे। इनकी जांच कराई गई तो सभी सब स्टैंडर्ड निकले।

घटिया दूध बेचने वाली कंपनियों के अड़ियलपन का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इन्होंने खाद्य सुरक्षा विभाग के भेजे गए नोटिस का आज तक कोई जवाब नहीं दिया है। थपलियाल बताते हैं कि किसी कंपनी का सैंपल जब सब स्टैंडर्ड निकलता है तो उसे नोटिस देकर कहा जाता है कि वह सैंपल की जांच किसी और से करा सकती है। इसके लिए एक महीने का समय दिया जाता है। लेकिन किसी कंपनी ने दोबारा जांच कराने के संबंध में जवाब नहीं दिया है।

फैसला आने पर होगी कार्रवाई
इन कंपनियों ने यह भी गवारा न किया कि वे अपनी सफाई में खाद्य सुरक्षा विभाग को दूध की जांच से संबंधित कोई पुरानी स्टैंडर्ड रिपोर्ट ही देती। थपलियाल ने बताया कि दूध कंपनियों के खिलाफ एडीएम वित्त के कोर्ट में केस चल रहा है। फैसला आने पर कार्रवाई की जाएगी। एडीएम वित्त कमठान का कहना है कि कई केस उनके कोर्ट में हैं। सैंपल रिपोर्ट के लिहाज से खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाती रहती है।

Related posts