
पालमपुर (कांगड़ा)। लोकसभा चुनाव के नतीजों को लेकर राजनीतिक पंडितों में चर्चाओं का बाजार गर्मा गया है। कांग्रेस और भाजपा के साथ आम आदमी पार्टी भी गणित बिठाने में लगी है। उपमंडल पालमपुर के विस चुनावों में बैजनाथ, पालमपुर, सुलह तथा जयसिंहपुर में भाजपा का सूपड़ा साफ करने वाली कांग्रेस को उम्मीद है कि लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस के इन चारों विधान सभाओं में कांग्रेस प्रत्याशी को लीड मिलेगी। विस चुनावों मेें गुटबाजी की आग में झुलसी भाजपा यह मान कर चल रही है कि नरेंद्र मोदी की लहर और शांता का दबादबा भाजपा की नैया पार लगाएगा।
भाजपा बैजनाथ में दूलो राम तथा जयसिंहपुर में रवि धीमान के पार्टी में वापस आने से भी संतुष्ट दिख रही है, जबकि विस चुनाव में पालमपुर से विस चुनाव लड़े दूलो राम ने करीब छह हजार से ऊपर और जयसिंहपुर में चुनाव लड़े रवि धीमान ने आठ हजार वोट लेकर सीधा भाजपा को नुकसान पहुंचाया था लेकिन लोकसभा चुनावों में यह दोनों भाजपा में वापस आ चुके है। लिहाजा, भाजपा की नजर चारों सीटों की लीड पर लगी हुई है जबकि दूसरी और सत्ता और पालमपुर उपमंडल में चारों सीटों पर विस अध्यक्ष बृज बिहारी बुटेल समेत बैठे चारों विधायकों से कांग्रेस विस चुनावों में मिली लीड को लोकसभा चुनाव में भी कम नहीं आंक रही है। आम आदमी पार्टी दोनों दलों को कितना खेल खराब करती है। इस पर भी लोगों की नजर है।
