
उत्तरकाशी। विश्व प्रसिद्ध तीर्थधाम गंगोत्री में गंगा भागीरथी के स्नान घाट पर महिला श्रद्धालुओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कारण वहां स्नान करने और चेंजिग रूम की पर्याप्त व्यवस्था न होना है। यहां महिला यात्री मनचलों के मोबाइल फोन के कैमरों से बचते हुए स्नान के बाद धोती-साड़ी का पर्दा बनाकर कपड़े बदलने को मजबूर हैं।
चार धाम यात्रा के प्रमुख तीर्थ गंगोत्री धाम की यात्रा पर हर वर्ष बड़ी संख्या में तीर्थयात्री पहुंचते हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए यहां स्नान घाट तो हैं, लेकिन महिला श्रद्धालुओं के लिए अलग से व्यवस्था नहीं है। उन्हें कपड़े बदलने में भी दिक्कतें आ रही है। यूं तो स्नान घाटों पर महिला पुलिस तैनात है, लेकिन यहां मंडराते मनचले स्नान करती और कपड़े बदलती महिलाओं की फोटो मोबाइल फोन में कैद करने से बाज नहीं आ रहे हैं। लोग यहां हरिद्वार की तर्ज पर महिलाओं के लिए अलग से स्नान और कपड़े बदलने की व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।
कोट-
गंगोत्री स्नान घाट पर छह चेंजिंग रूम बनाए गए हैं। इसके साथ ही मंदिर समिति ने दूर तक फैले स्नान घाट पर कपड़े बदलने के लिए एल्यूमिनियम की चादरों से अस्थायी व्यवस्था की थी। वह नदी में पानी बढ़ने पर बह गई। अब समिति पुन: व्यवस्था कराएगी।- सुरेश सेमवाल, सचिव गंगोत्री मंदिर समिति।
गंगा के प्रति आस्था के चलते लोग देश-विदेश से यहां आते हैं। चार धाम यात्रा अर्थव्यवस्था का भी बड़ा जरिया है। ऐसे में यात्रियों को अधिकाधिक सुविधाएं दी जानी चाहिए। गंगोत्री में गंगा की अलग धारा निकालकर महिलाओं के स्नान की व्यवस्था की जानी चाहिए।- सुजाता बेन, गुजरात से आई तीर्थयात्री।
पर्यटन के बजट से गंगोत्री में स्नान घाट एवं चेंजिंग रूम बनवाए गए थे। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए और व्यवस्था की जरूरत है। इसके लिए प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। – खुशाल सिंह नेगी, पर्यटन अधिकारी उत्तरकाशी।
