कहर बरपाने लगा गंगा का पानी

लक्सर। क्षतिग्रस्त सोपरी तटबंध से निकलने वाला गंगा का पानी अब आबादी की तरफ बढ़ गया है। पांच गांवों में पानी आने के बाद हजारों ग्रामीणों के सामने मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। गंगदासपुर के पांच परिवारों ने छतों पर शरण ले रखी है। अगर गंगा का जलस्तर और बढ़ा तो कई और गांवों में भी बाढ़ जैसी स्थिति खड़ी हो सकती है।
करीब एक सप्ताह पहले गंगा पर बना सोपरी तटबंध टूटना शुरू हो गया था। तटबंध अब तक करीब एक किलोमीटर तक टूट चुका है। सिंचाई विभाग और प्रशासन के लाख प्रयासों के बाद भी तटबंध की मरम्मत नहीं हो सकी थी। तटबंध टूटने के बाद गंगा का जलस्तर कम हो गया और पानी केवल खेतों तक ही पहुंचा था। मंगलवार से गंगा का जलस्तर फिर बढ़ने लगा। जलस्तर बढ़ने से पानी अब खेतों के बाद आबादी क्षेत्र में घुसने लगा है। अभी तक सबसे ज्यादा परेशानी गंगदासपुर के ग्रामीणों को उठानी पड़ रही है। गांव के पांच घरों के अंदर तक पानी पहुंच गया है। लोगों ने छतों पर शरण ले ली है। इसके अलावा सोपरी, महाराजपुर, पंडितपुरी, नदंपुरी में भी पानी आ चुका है। इन गांवों की सड़कें जलमग्न हो गई हैं। अगर गंगा का जलस्तर कम नहीं हुआ तो हजारों लोगोें की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। वहीं, गांवों तक पानी पहुंचने के बाद प्रशासन और सिंचाई विभाग में हड़कंप मच गया है। विधायक कुुंवर प्रणव सिंह चैंपियन और डीएम निधि पांडे ने गांवों का दौरा किया। विधायक ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि तटबंध की मरम्मत जल्द की जाए।

Related posts