कसारला के आधा दर्जन गांवों में पानी नहीं

नेरचौक (मंडी)। बल्हघाटी की ग्राम पंचायत कसारला के आधा दर्जन गांवाें में पानी के लिए हाहाकार मच गया है। इन गाँवो में विभागीय सप्लाई नहीं मिल रही है, जबकि आधा दर्जन प्राकृतिक पेयजल स्रोत सूख गए हैं। इससे इन गाँवो में पेयजल की समस्या गंभीर हो गई है। पंचायत के गरैंचा, कसारला, बदूआ, धड़वाहन, नेर तथा छात्र आदि गांवों के लोग पेयजल समस्या से जूझ रहे हैं। विभागीय सप्लाई न मिलने पर लोगों ने कड़ी नाराजगी जाहिर की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो सड़क पर चक्का जाम तथा विभागीय एक्सईएन का घेराव करेंगे। इन गांवों में पेयजल समस्या का कारण यह है कि विभाग की मशीन खराब पड़ गई है। विभाग पिछले तीन माह से खराब पड़ी मशीन को ठीक नहीं करवा सका है। हालांकि मशीन को ठीक करने के लिए दिल्ली तक ले जाया गया, मगर विभाग का कहना है कि मशीन दोबारा खराब हो गई है। ग्राम पंचायत कसारला के प्रधान भीखम राम, दुनी चंद, शमशेर सिंह, नरोत्तम, तेज राम, चेत राम, गौरी देवी, लज्जा देवी, मनोज, काकू, खेम चंद, सुखराम व नाग सिंह आदि का कहना है कि पेयजल किल्लत से करीब 500 परिवार जूझ रहे हैं। लोग विभाग से बार-बार सप्लाई को सुचारू करने की फरियाद लगा रहे हैं, लेकिन बावजूद इसके विभाग अभी तक टस से मस तक नहीं हुआ है। कसारला पंचायत के प्रधान भीखम राम का कहना है कि रति-गदयाड़ा-कसारला पेयजल योजना शुरू करने से समस्या का समाधान हो सकता है। ग्रामीणाें ने चेताया है कि यदि जल्द समस्या से निजात नहीं दिलाई तो वे चक्का जाम कर देंगे। उधर, इस बारे में विभागीय एक्सईएन केआर कुल्वी का कहना है कि पंप मशीन में खराबी आई है, जिसे दूर करने की कोशिश की जा रही है। लोगो की पेयजल समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा।

Related posts