
रानीखेत। मवड़ा ग्राम विकास समिति (मग्रास) और उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के संयुक्त तत्वावधान में पांच अक्तूबर से प्रस्तावित कुमाऊं योगायुर्वेद महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। पांच अक्तूबर को यह शिविर जीआईसी अल्मोड़ा में शुरू होगा। आठ सितंबर को पर्यटन मंत्री अमृता रावत पीजी कालेज रानीखेत में इसका समापन करेंगी। योगाचार्य पूर्व राजदूत चंद्र मोहन भंडारी इसकी तैयारियाें में जुटे हैं।
पत्रकार वार्ता में पूर्व राजदूत सीएम भंडारी ने बताया कि अल्मोड़ा और रानीखेत में यह शिविर लगेगा, अगले साल से पूरे कुमाऊं में इसे शुरू किया जाएगा। शिविर में बाहर से 14 योग और तीन आयुर्वेद डॉक्टर भाग लेंगे। शिविर के दौरान विभिन्न बीमारियों से ग्रसित लोगों का इलाज भी होगा। पतंजलि योग पीठ से आठ, देव संस्कृति विवि शांतिकुंज से छह तथा ऋषिकुल राजकीय स्नातकोत्तर आयुर्वेद महाविद्यालय से दो लोग पहुंचे हैं। पुणे के आयुर्वेदाचार्य डा. अविनाश लेले भी पहुंच रहे हैं। पांच को जीआईसी अल्मोड़ा में शिविर शुरू होगा। इसके बाद जीआईसी हवलबाग, पीजी कालेज रानीखेत, सिलोर महादेव इंटर कालेज रानीेखेत ओर राम मंदिर चौबटिया में शिविर लगेंगे। शिविरार्थियों को खाली पेट आना होगा तथा योग मैट साथ लाना होगा। इसके लिए एचएन भंडारी, प्रशांत जोशी, कमल पांडे और रवींद्र खाती से संपर्क किया जा सकता है। पत्रकार वार्ता में मग्रास के डीएन भंडारी भी मौजूद थे।
