कल से फिर बंद होंगे सरकारी स्कूल

डरोह (कांगड़ा)। प्रदेश के ग्रीष्मकालीन स्कूल सोमवार से पुन: दस दिन के लिए बंद हो जाएंगे। सभी सरकारी स्कूलों में दस दिन की छुट्टियां पूर्ण रूप से रहेंगी। हालांकि, कुछ निजी स्कूलों में यह अवकाश नहीं दिए गए हैं। दस दिन की इन छुट्टियों को जहां कुछ अभिभावक ठीक बता रहे हैं तो कुछेक इन्हें शिक्षा विभाग की गलती मान रहे हैं। पिछले लंबे अरसे से प्रदेश में शिक्षा विभाग ने स्कूलों में छुट्टियों के शेड्यूल में परिवर्तन किया है।
सरकारी स्कूलों में एकरूपता लाने के लिए ग्रीष्मकालीन और शीतकालीन छुट्टियों को तीन हिस्सों में बांटा गया है। कुल 52 छुट्टियों का प्रावधान रखा गया है। इनमें से 36 जुलाई माह में, 6 दिवाली के समय और 10 जनवरी माह में दी जा रही हैं। जिला कुल्लू और लाहौल-स्पीति में बदलाव है। प्रदेश के सभी ग्रीष्मकालीन सरकारी स्कूलों में 7 से 16 जनवरी तक छुट्टियां होंगी। 17 जनवरी को पुन: स्कूल खुलेंगे।
अभिभावकों ईश्वर चंद गुलेरिया, प्रभदयाल शर्मा, विनोद कुमार चौधरी, पंकज शर्मा, रक्षपाल सिंह, कुलदीप चंद, प्रवेश शर्मा, रमा कांत, प्यारे लाल, विहारी लाल, सरूप चंद, किशोरी लाल, हिमाल चंद, मदन राणा, अनुपम राणा, प्रीतम चंद, कांता देवी, कृष्णा देवी, रीता राणा, सपना कटोच, रचना राणा, सुनीता कटोच, मोनिका शर्मा, रींपी देवी, कल्पना राजपूत, सपना सूद, सुभद्रा देवी आदि ने बताया कि स्कूलों में इस समय छुट्टियों देना गलत है। विभाग को दस दिन के इस अवकाश को बरसात में ही दे देना चाहिए। शिक्षा विभाग ने इन छुट्टियों के बारे में अपने आदेश संख्या ईडीएन-एचई 21ए तीन 06-2011 भाग पांच दिनांक 14 जून 2013 में पहले ही प्रदेश में सरकारी स्कूलों में दी जाने वाली छुट्टियों के बारे में जिलावार शेड्यूल दर्शा कर आदेश जारी कर रखे हैं।

Related posts