
लोहाघाट। सुंई के अषाड़ी वायुरथ महोत्सव में चल रही सांस्कृतिक संध्या में मां बाराही कला केंद्र तथा प्रकाश रावत एंड पार्टी के कलाकारों ने खूब जलवा बिखेरा। गिरीश बर्गली के नेतृत्व में आए कलाकारों ने अपने फन का जौहर दिखाया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय लोक देवताओं की अराधना से की गई। नृत्य निदेशक रेखा बर्गली, पूजा नयाल, सोनी आर्या, रितु कार्की, मेघा शर्मा, रजनी ने जहां पूरे देश की सांस्कृतिक विरासत को यहां के मंच में परोसा, वहीं पवन कार्की, राजेंद्र प्रसाद, पंकज कुमार, जितेंद्र की प्रस्तुति रूमा झूमा जाग्याोना तीलै धारो बोला तथा गढ़वाली नृत्य माछी को जाला पर दर्शक थिरकने लगे। गायिका रेखा, प्रदीप तथा राकेश ने जहां अपने स्वर का जादू बिखेरा, वहीं बांसुरी में राजेंद्र प्रसाद, हुड़का में राजेंद्र दनांई, ढोलक में प्रदीप, संगीत में राकेश ने संगत की। इस टीम के सात वर्षीय कलाकार रूद्राक्ष बर्गली का तबला वादन दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। प्रकाश रावत एंड पार्टी की ओर से भी एक से बढ़कर एक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
