
रायकोट: देर रात गांव मुहम्मदपुरा में एक कलयुगी बेटे ने जमीनी झगड़े को लेकर अपनी मां का कत्ल कर दिया। इस घटना के संबंध में डी.एस.पी. रायकोट कार्यालय में आयोजित एक प्रैस कांफ्रैस दौरान डी.एस.पी. रायकोट सतनाम सिंह बैंस ने पत्रकारों को बताया कि मृतका का इकलौता बेटा जैपाल सिंह पुत्र बलविन्द्र सिंह जोकि नशे का आदी था और नशा करके अपनी माता मनजीत कौर को उसके मायके से उसके हिस्से आती जायदाद बेचकर पैसे लाने के लिए कहता रहता था और उसमें हिस्से आती डेढ़ एकड़ के करीब जमीन लेने के लिए उससे झगड़ा और मारपीट करता रहता था।
देर रात भी इसी बात को लेकर आपस में झगड़ा हो गया। मनजीत कौर द्वारा इंकार करने पर बेटे जैपाल सिंह ने उनके सिर पर लकड़ी के लठे से वार किए जब उसने शोर मचाना चाहा तो उसने अपनी माता का मुंह बंद करके गला घोंट दिया और उसको तड़पती छोड़ कर अपनी पत्नी और बच्चे को मोटरसाइकिल पर लेकर फरार हो गया। डी.एस.पी. सतनाम सिंह बैंस ने बताया कि पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही एक कत्ल कांड की गुत्थी को आधे घंटे में ही सुलझा लिया और आरोपी जैपाल सिंह को गांव बस्सियां के बस स्टैंड के करीब मोटरसाइकिल समेत गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त कर ली है।
इस मामले संबंधी थाना रायकोट में आरोपी जैपाल सिंह के जीजा राजविन्द्र सिंह पुत्र चरन सिंह सिंह वासी गोदवाल के बयान के आधार पर मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है। इस मौके पर थाना प्रभारी मोहन दास और सहायक इंस्पैक्टर निर्मल सिंह आदि उपस्थित थे।
