
रोहडू। उपमंडल के अंतर्गत कलगांव टीर में सोमवार रात एक दो मंजिला मकान आग की भेंट चढ़ गया है। आगजनी की घटना में चार परिवार बेघर हुए हैं। घटना में करीब 80 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं लग पाया है। प्रशासन की ओर से कानूनगो रोहडू कुशाल चंद ने मौके पर पहुंचकर प्रभावितोें को फौरी राहत दी है।
प्राप्त जानकारी के दो मंजिला मकान में चार परिवार अलग अलग रहते थे। सोमवार रात 11 बजे सभी अपने अपने कमरों में सौ रहे थे। रात को अचानक घर में आग भड़क गई। घर में आग फैलती देख सभी लोग अपनी जान बचाने के लिए घर से बाहर भागे। परिवार के सभी सदस्य मदद के लिए चिलाने लगे। आसपास के घरों में रहने वाले सभी सभी ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचे। आग बुझाने का प्रयास किया। रसोई घर में रखे गैस सिलेंडरों के फटने से आग ने भयानक रुप धारण किया। देखते ही देखते लकड़ी से बने मकान को तेजी से अपनी गिरफ्त में ले लिया। आग इतनी भयानक थी कि प्रभावित परिवार अपने बदन के कपड़ों के अलावा कुछ भी नहीं बचा सके। आग में घर के समान के साथ साथ 55 हजार रुपए की नगदी तथा करीब 20 लाख के आभूषण व अन्य सामान भी जलकर राख हो गए हैं। घटना में लच्छी राम , हरविंद्र , राजपाल तथा गोवर्धन सिंह का परिवार बेघर हुआ है। प्रशासन ने आगजनी की घटना में 80 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया है। आग लगने के कारणों का कोई पता नहीं लग पाया है। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को दस दस हजार रुपये की फौरी राहत तथा राशन व तिरपाल राहत के रुप में दिया है।
डीएसपी रोहडू राजकुमार चंदेल ने बताया कि वह स्वयं मौके पर गए थे। आग से एक मकान पूरी तरह से जलकर राख हो गया है। आग किन कारणों से लगी इसका पता नहीं लग पाया है। घटना में 80 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। प्रशासन की ओर से कानूनगो रोहडू कुशाल चंद ने मौके पर पहुंचकर फौरी राहत दी है।
