कलक्ट्रेट में अनशन पर बैठे मां-पिता

पिथौरागढ़। ससुरालियों पर पुत्री की कथित रूप से हत्या का आरोप लगाते हुए मृतका के पिता ने पत्नी और दो बेटों के साथ कलक्ट्रेट में क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है।
पिथौरागढ़ तहसील के तल्लीसार (खतीगांव) निवासी मोहन सिंह अपनी पत्नी और दो पुत्रों के साथ कलक्ट्रेट पहुंचकर क्रमिक अनशन शुरू कर दिया। उनके समर्थन में तमाम लोगों ने प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन मेें कहा है कि उनकी बेटी आशा का विवाह गंगोलीहाट के पाभें निवासी होशियार सिंह के साथ हुआ था। मायके वालों का आरोप है कि 29 मई को पति, जेठ और देवर ने बेटी की हत्या कर दी थी। 30 मई गंगोलीहाट में राजस्व पुलिस को तहरीर दी। लेकिन पुलिस ने आज तक मामला पंजीकृत नहीं किया है।
ससुराली दहेज के लिए आशा के साथ अक्सर मारपीट करते थे। मृतका के पिता मोहन सिंह ने कहा है कि बेटी के ससुराली उन्हें भी धमका रहे हैं। उप जिलाधिकारी नरेश दुर्गापाल ने अनशन में बैठे मोहन सिंह से वार्ता की। कहा कि जिलाधिकारी मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच करने के आदेश जारी कर रहे हैं। मोहन सिंह ने कार्रवाई होने तक अनशन जारी रखने का ऐलान किया है। इस मौके पर अधिवक्ता शंकर राम कोहली समेत तमाम लोग शामिल थे।

Related posts