कर्मचारी संघ का चुनावी बिगुल फूंका

बिलासपुर। जिला अराजपत्रित कर्मचारी संघ का चुनावी बिगुल बज गया है। संघ की तदर्थ समिति की देखरेख में खंड स्तरीय चुनाव की प्रक्रिया दो अगस्त से शुरू होगी। चुनाव अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव व वित्त सचिव पदाें के लिए होंगे। इनमें से वरिष्ठ उपाध्यक्ष का पद चतुर्थ श्रेणी के लिए आरक्षित किया गया है। ब्लाक इकाइयों के बाद जिला स्तरीय चुनाव 23 अगस्त को हाेंगे।
जिले में अराजपत्रित कर्मचारी संघ के विभिन्न गुटों द्वारा गुटबाजी को दरकिनार करके बनाई गई तदर्थ समिति के अध्यक्ष चेतराम वर्मा ने बताया कि सबसे पहले ब्लाक इकाइयों के चुनाव होंगे। बरठीं इकाई के चुनाव 2 अगस्त को विश्राम गृह बरठीं, जुखाला के 5 अगस्त को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुखाला, स्वारघाट के 8 अगस्त को विश्राम गृह स्वारघाट, झंडूता के 12 अगस्त को विकास खंड कार्यालय झंडूता, घुमारवीं के 16 अगस्त को रैन बसेरा घुमारवीं तथा सदर इकाई के 20 अगस्त को जिला अराजपत्रित कर्मचारी भवन में हाेंगे। उसके बाद 23 अगस्त को जिला इकाई के चुनाव भी बिलासपुर में ही होंगे। इसमें सभी खंड इकाइयाें के 10-10 प्रतिनिधि भाग ले सकेंगे।
चेतराम वर्मा ने बताया कि चुनाव में सदस्यता शुल्क की अदायगी करने वाले कर्मचारी ही भाग ले सकेंगे। इसके मद्देनजर खंड स्तर पर सदस्यता अभियान की अंतिम तिथियां भी तय कर दी गई हैं। बरठीं खंड के कर्मचारी 31 जुलाई, जुखाला के 3 अगस्त, स्वारघाट के 6 अगस्त, झंडूता के 9 अगस्त, घुमारवीं के 14 अगस्त व सदर खंड के कर्मचारी 17 अगस्त तक संघ की सदस्यता हासिल कर सकेंगे। उन्होंने सभी कर्मचारियों से सदस्यता ग्रहण करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने सभी विभागीय संगठनों को भी चुनाव कार्यक्रम की रूपरेखा बनाकर इसे तदर्थ समिति को भेजने का आग्रह किया। उनके कार्यक्रम के अनुसार तदर्थ समिति चुनाव के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त करेगी।

Related posts