कर्मचारी दो अक्तूबर को निकालेंगे रोष रैली

सिहुंता (चंबा)। अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ खंड सिहुंता का एक प्रतिनिधिमंडल नायब तहसीलदार जगदीश लाल से मिला। इस मौके पर उन्होंने समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। संघ के प्रधान राजेश्वर ने बताया कि द्रमण-सिहुंता-चुवाड़ी सड़क को डबल लेन करने का कार्य वर्ष 2009 में एनकेजी कंपनी को सौंपा गया था। इसके अलावा इस कार्य को पूरा करने की अवधि 18 महीने निर्धारित की गई थी। निर्धारित अवधि पूरी हो जाने के बाद दो वर्ष ज्यादा बीत चुके हैं लेकिन कंपनी की ओर से इस कार्य को पूरा नहीं किया जा सका है।
उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है इस कार्य को पूरा करने में दो वर्ष ओर लग जाएंगे। कंपनी की ओर से जो कार्य किया गया है वह अधूरा है और मापदंडों के विपरीत किया गया है। इससे दूर दराज क्षेत्र से आने जाने वाले कर्मचारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं सड़क के किनारे बसे स्थानीय निवासियों को भी दिक्कतें पेश आ रही है। अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ने निर्णय लिया है कि संघ की ओर से दो अक्तूबर को सिहुंता विश्राम गृह से नौण चौक तक रोष रैली निकाली जाएगी। इसके बाद भी कंपनी कार्य को उचित अंजाम नहीं देती है तो महासंघ को मजबूर को चक्का जाम करना पड़ेगा। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Related posts