
मंडी। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती सद्भावना दिवस के रूप में मनाई गई । मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय के सभागार में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पंकज राय ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सद्भावना बनाए रखने की शपथ दिलाई। कहा कि हमें जाति, संप्रदाय, क्षेत्र, धर्म अथवा भाषा का भेदभाव किए बिना भारत की भावनात्मक एकता और सद्भावना के लिए कार्य करना चाहिए। हिंसा का सहारा लिए बिना सभी प्रकार के मतभेद बातचीत और संवैधानिक माध्यमों से सुलझाने चाहिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक मंडी आरएस नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। उधर, शहीद सूबेदार खेम चंद राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला साईगलू में भी सद्भावना दिवस धूमधाम से मनाया गया। स्कूली बच्चों और अध्यापकों ने जागरूकता रैली निकाली। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बगस्याड़ में स्व. राजीव गांधी की जयंती पर सद्भावना दिवस मनाया गया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि स्कूली बच्चों ने राजीव गांधी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
