
ऊना। हिमाचल अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष विपिन राणा और महासचिव कु लदीप सिंह दयाल के नेतृत्व में कर्मचारियों का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त अभिषेक जैन से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से जिला स्तरीय संयुक्त सलाहकार समिति ऊना की बैठक शीघ्र बुलाने का आग्रह किया। जिससे लंबित पड़ी मांगों का निपटारा हो सके और प्रभावित कर्मचारियों को राहत मिल सके। इस पर उपायुक्त ने 1 नवंबर को जिला स्तरीय संयुक्त सलाहकार समिति की बैठक बुलाने का निर्णय लिया है।
प्रशासन के साथ होने वाली बैठक में कर्मचारियों से जुडे़ ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा होगी। इनमें पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों पर विभिन्न विभागों की ओर से की गई कार्यवाही की समीक्षा के साथ एनजीओ भवन को तुरंत खाली करना, सभी विभागों में खाली पड़े पदों को भरना, सभी विभागों में अलग आरटीआई सेल स्थापित करना, लोक सेवा गारंटी अधिनियम लागू होने के मद्देनजर सभी विभागों मे अतिरिक्त स्टाफ उपलब्ध करवाना आदि मुख्य मांगें शामिल हैं। जिला प्रधान ने पेंशन कम्यूटेशन कटौती पर हिमाचल सरकार की ओर से दोबारा से विचार करने के लिए निर्णय का स्वागत किया है। आशा जताई है कि हिमाचल सरकार कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों पर पूर्व की भांति सकारात्मक निर्णय लेगी। इसके अतिरिक्त उन्होंने जिला के समस्त कर्मचारी वर्ग से अपील की है कि सभी पदाधिकारी एवं कर्मचारी 23 अक्तूबर को सुबह 10 बजे कांगड़ पहुंचें। अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ मुख्यमंत्री का स्वागत करेगा।
