कर्मचारियों के लंबित मसले हल कराएंगे : यूनियन

धर्मशाला। कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक कर्मचारी यूनियन की बैठक प्रधान पवन चौधरी और महासचिव विशाल महाजन की अध्यक्षता में हुई। इसमें यूनियन कार्यकारिणी का एक साल पूरा होने पर सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को बधाई दी गई। साल के भीतर हुए कार्यों एवं आगामी रणनीति पर चर्चा की गई। महासचिव विशाल महाजन ने कहा कि पिछला वर्ष यूनियन के लिए कई मायनों में बेहतर रहा है। कर्मचारियों से संबंधित मांगों और समस्याओं को दूर करने में यूनियन सफल रही है। बैंक प्रबंधन ने उनके आग्रह को मानकर इन मांगों को अमलीजामा पहनाया है। इसके लिए यूनियन बैंक के चेयरमैन जगदीश सिपहिया एवं प्रबंधन की आभारी है। यूनियन ने पिछले साल कर्मचारियों को बोनस दिलाने और संशोधित पे स्केल का लाभ दिलाने के साथ ही 28 करोड़ का एरियर प्रदान करवाया है। साथ ही यूनियन की ओर से बैंक से सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को रिटायरमेंट के समय 2100 रुपये का उपहार, सेवा के दौरान कर्मचारी के आकस्मिक निधन और गंभीर रोग से पीड़ित होने पर 10 हजार की अंतरिम मदद आदि मांगें पूरी हुई हैं। इसके अलावा चपरासी से क्लर्क पदोन्नति कोटे को 15 से बढ़ाकर 20 फीसदी करवाना, बैंक प्रबंधन के गलत फैसले पर क्लर्क ग्रेड के 39 कर्मचारियों को बिना लिखित परीक्षा पदोन्नति दिलाना, ग्रेड -3 के लिए प्रमोशन टेस्ट का जल्द आयोजन सहित 50 वर्ष से अधिक आयु के क्लर्क के लिए लिखित परीक्षा की पात्रता न रखकर वन टाइम रिलेक्सेशन, सेवाकाल के दौरान कर्मी की मौत पर सरकार के पैटर्न पर 35 हजार से लेकर एक लाख तक की मदद आदि मांगे पूरी हुई हैं। अगले दो साल में यूनियन कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा को लेकर लंबित पेंशन मुद्दे, मेडिकल रिंबर्समेंट, चपरासी कैटेगिरी को पदोन्नति, दैनिक भोगियों को नियमित करवाने सहित कर्मियों के हितों के मामलों को बैंक प्रबंधन से हल करवाने का प्रयास करेगी।

Related posts