
लक्सर। ग्रामीणों के बिजली के बिल, बैंकों ने ऋण माफ करना तो दूर ब्याज तक पर छूट नहीं दी है। लेकिन विधायक के समर्थकों ने चौराहों पर होर्डिंग लगाकर आभार जरूर जता दिया है। इसको लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित ग्रामीण बिजली के बिल और क्रेडिट कार्ड के ऋण माफ कराने की मांग सरकार से लगातार कर रहे हैं। भिक्कनुपर क्षेत्र के कई ग्रामीणों ने तो रविवार को बैंकों के ऋण और बिजली बिलों को माफ कराने की मांग को लेकर गंगा में उतरकर प्रदर्शन भी किया। दूसरे क्षेत्रों के ग्रामीण भी इन मांगों को लेकर लगातार मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेज रहे हैं। शासन-प्रशासन की ओर से अभी तक इन मुद्दों पर फाइनल कार्रवाई नहीं हो पाई है, लेकिन लक्सर क्षेत्र में कई तिराहे, चौराहों पर बड़े-बड़े होर्डिंग लग गए हैं। जिन पर बड़े-बड़े शब्दों में लिखा हुआ है कि ‘ग्रामीणों के बैंकों के क्रेडिट कार्ड ऋण और बिजली का बिल माफ कराए जाने व गन्ने की फसल को आपदा में घोषित कराए जाने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा और खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन का आभार’।
इस प्रकार के बड़े-बड़े होर्डिंग देखकर ग्रामीण असमंजस में है। समझ नहीं पा रहे हैं कि सच्चाई क्या है। क्योेंकि बिजली विभाग, तहसील और बैंक के अधिकारी इसकी पुष्टि नहीं कर रहे हैं।
