करोड़ों रुपए के कर्ज में आईपीएच महकमा

बिलासपुर। बिलासपुर में सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग पर करोड़ों रुपए का कर्ज है। यहां तक कि सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा पेयजल स्कीमों के बिजली बिलों का भुगतान भी नहीं किया जा रहा है। इसके चलते विद्युत बोर्ड ने आईपीएच विभाग को नोटिस भेजने की तैयारी कर ली है। यदि नोटिस के बाद बिल की अदायगी नहीं की गई तो कनेक्शन भी कट सकता है।
सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग पर बिजली बिल के रूप में करीब चार करोड़ रुपए की देनदारी है। बिजली बिल के रूप में करोड़ाें रुपए का कर्ज होने के बावजूद भी पेयजल, सिंचाई स्कीमें चल रही हैं। अब विद्युत बोर्ड ने आईपीएच विभाग को नोटिस भेजने की पूरी तैयारी कर ली है। यदि नोटिस के बाद भी बिल की अदायगी नहीं की गई तो पेयजल, सिंचाई स्कीमों का कनेक्शन भी कट सकता है। विद्युत बोर्ड की कार्रवाई के चलते यदि योजनाओं के कनेक्शन कटे तो आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। क्षेत्र में पेयजल संकट विकराल रूप धारण कर सकता है।
विद्युत बोर्ड के अधिशाषी अभियंता ओपी चंदेल ने कहा कि आईपीएच विभाग को करीब चार करोड़ रुपए की देनदारी है। उन्होंने कहा कि बोर्ड द्वारा जल्द ही आईपीएच को नोटिस भेजे जाएंगे।
उधर, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिशासी अभियंता पीसी ठाकुर ने कहा कि बिजली बिल की अदायगी करने के लिए एलओसी पहुंच चुकी है। जल्द ही बिजली बिल का भुगतान कर दिया जाएगा।

Related posts