
कुल्लू। मंडी लोकसभा उपचुनाव में पूरी ताकत झोंक देने के बावजूद नेता लोगों को पोलिंग बूथों तक नहीं खींच पाए। आलम यह रहा है कि जहां-जहां दिग्गज नेताओं की सभाएं हुई वहां भी मतदान कुछ खास नहीं रहा। पूर्व विधायकों सहित कांग्रेस और भाजपा नेताओं के बूथोें में हालांकि स्थिति कई जगह शानदार रही है।
आनी के विधायक खूबराम आनंद के पोखूधार पोलिंग बूथ में मात्र 40 फीसदी मतदान हुआ। पूर्व विधायक किशोरी लाल सागर के सराहर में 51.14, कांग्रेस नेता उपेंद्रकांत मिश्रा के सरकोट पोलिंग बूथ पर 44.90 और पूर्व विधायक ईश्वरदास के क्षेत्र नित्थर 49.78 और देहरा में 48.12 फीसदी वोटिंग हुई है।
वहीं कुल्लू में भाजपा नेता राम सिंह के मिडिल अखाड़ा बूथ में 55.45, बंजार के विधायक कर्ण सिंह के गड़सा बूथ में 54.51, सदर के विधायक महेश्वर सिंह के सुल्तानपुर बूथ पर 48.72, पूर्व मंत्री खीमी राम के भाटग्रां बूथ में 37.92 तथा गोविंद सिंह ठाकुर के कन्याल बूथ में 81 फीसदी मतदान हुआ है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर के नोर बूथ में 62.83, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष ममता ठाकुर के पोलिंग बूथ कष्टा में 72 और कर्मचारी नेता सेस राम आजाद के बालू बूथ में 77 प्रतिशत वोट पड़े हैं। आनी के रघुपुर घाटी की 12 पंचायतों में हुई खूब वोटिंग का श्रेय कांग्रेस और भाजपा दोनों दल ले रहे हैं। यहां के अधिकतर बूथों पर 65 से 80 फीसदी तक वोट पड़े हैं।
भाजपा इसे भाजपा प्रत्याशी जय राम ठाकुर के विस क्षेत्र के सटे होने का फायदा मान रहे है तो कांग्रेसी इस कांग्रेस के पक्ष में मान रहे हैं। रघुपर घाटी के पोलिंग बूथों के डुहाड में 52 फीसदी, बालू में 77, करशाला में 64.36, रोहड़ीधार में 65.30, कदेरणा में 73.89, डिगेढ़ 80.54, क्वानू में 75.29, बशाऊल में 66.24, कुंईर में 79.75, सिनवी 68.23, कोठी में 63.13, पोखरी में 78.54, थाच में 69.55 और शवाड़ में 65.84, फीसदी मतदान हुआ है।
