
करियां (चंबा)। एनएचपीसी की चमेरा चरण दो के आवासीय परिसर के प्रवेशद्वार के साथ लगते नाले में बारिश के कारण तेज बहाव आ गया। दोपहर बाद हुई बारिश के कारण आए नाले ने चंबा-भरमौर मार्ग को करीब दो घंटे ठप कर दिया। इसके कारण जहां सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं, वहीं पैदल आने-जाने वाले भी इसका बहाव कम होने तक बारिश में ही फंसे रहे। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को करियां का नाले में तेज बहाव के साथ काफी मलवा सड़क पर आ गया। इस नाले में पानी का बहाव सड़क पर बिछाए गए कंकरीट पर से ही गुजरता है। बहाव को सड़क के नीचे से निकालने की व्यवस्था नहीं है। इसके चलते तेज बहाव के चलते यहां वाहनों के फंसने और स्कूली बच्चों के बहने तक का खतरा बना रहता है।
मंगलवार को भी शाम तीन बजे के करीब बहाव तेज था तो अभिभावकों को बच्चों को यहां से पार कराने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यहां तक कि भरमौर और चंबा की ओर आने-जाने वाली बसें और अन्य वाहन यहां काफी देर तक फंसे रहे। जब पानी का बहाव कम हुआ तो कुछ छोटे वाहनों ने इसमें से निकलने की कोशिश की, मगर वे इसमें फंस गए। पैदल चलने वालों को भी पानी के बीच पत्थर रख कर पार करना पड़ा। काफी समय बाद जेसीबी ने आकर सड़क के मलबे को साफ किया तो यातायात सुचारु हो पाया।
