कराहती रही गर्भवती, नहीं पहुंची 108

तीसा (चंबा)। प्रसव पीड़ा से कराह रही तीसा की एक महिला को राष्ट्रीय एंबुलेंस सेवा 108 का लाभ नहीं मिल पाया। इस कारण महिला को अस्पताल तक पहुंचाने में उसके परिजनों को कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ा।
मिली जानकरी के अनुसार पंचायत हरतवास के गांव सैली के लाल चंद ने महिला की खराब हालत को देखते हुए राष्ट्रीय एंबुलेंस सेवा 108 को फोन किया। 108 के केंद्र से एंबुलेंस सेवा नहीं भेजने की बात कही गई। बताया कि इस स्थान पर सड़क खराब होने के कारण एंबुलेंस सेवा नहीं पहुंच पाएगी। लाल चंद ने आरोप लगाया है कि जिस वक्त उसने एंबुलेंस सेवा को फोन किया, तो उस वक्त मार्ग बहाल हो चुका था और वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई थी। इसके बावजूद भी एंबुलेंस महिला को लेने के लिए नहीं आई। लाल चंद ने बताया कि गर्भवती महिला को दर्द होने पर मंगलवार को एंबुलेंस की सहायता के लिए फोन किया था और एंबुलेंस ने वहां जाने से मना कर दिया। इससे महिला को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए निजी वाहन का सहारा लेना पड़ा। जहां पर महिला का सुरक्षित प्रसव किया गया। उन्होंने बताया कि एंबुलेंस सेवा के केंद्र में मार्ग बहाल होने की बात कही गई, इसके बावजूद भी एंबुलेंस नहीं भेजी गई। उधर, एंबुलेंस सेवा के ईएमई डा. विकास चंदेल ने बताया कि मार्ग बहाल न होने के कारण ही एंबुलेंस नहीं भेजी गई थी।

Related posts