
करसोग (मंडी)। बरसात के मौसम में करसोग क्षेत्र में वायरल, उल्टी तथा दस्त से पीड़ित रोगियों की संख्या बढ़ने लगी है। पिछले एक हफ्ते के दौरान नागरिक अस्पताल करसोग में हर रोज करीब आधा दर्जन पीड़ित लोग उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों ने लोगों को बरसात के मौसम में जलजनित बीमारी से बचने के लिए सावधान बरतने की सलाह दी है। बरसात के मौसम में वायरल, डायरिया के मामले बढ़ने की अधिक संभावना रहती है। करसोग क्षेत्र में वायरल, उल्टी दस्त से पीड़ित रोगियों की संख्या बढ़ रही है। नागरिक अस्पताल करसोग में उपमंडल के विभिन्न क्षेत्रों से पीड़ित मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। खंड चिकित्सा अधिकारी करसोग अंगरूप दोरजे ने पुष्टि करते हुए बताया कि नागरिक अस्पताल में हर रोज करीब आधा दर्जन मामले पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि बारिश में ज्यादातर लोग वायरल से पीड़ित हो जाते हैं। उल्टी और दस्त तथा बुखार का कारण दूषित पानी तथा कच्चे फल हैं। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि बरसात के मौसम में पानी को उबाल कर इस्तेमाल करें। खाने की चीजों में सफाई का विशेष ध्यान रखें। पानी में क्लोरीन का इस्तेमाल करें।
—
इन बातों का रखें ध्यान
– पीने के पानी को उबाल कर इस्तेमाल करें।
– खाने की वस्तुओं में सफाई का विशेष ध्यान रखें।
– कटे हुए फल तथा सब्जियों को इस्तेमाल न करें।
– पीने के पानी में क्लोरीन का प्रयोग करें।
– वायरल, उल्टी-दस्त पर चिकित्सक से परामर्श लें।
