
करसोग (मंडी)। मौसम बदलते ही बीमारियों ने दस्तक दे दी है। खांसी, जुकाम, वायरल फीवर ने लोगों को जकड़ना शुरू कर दिया है। मरीज उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंच रहे हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक की सेहत पर शुष्क मौसम का ज्यादा असर पड़ रहा है। चिकित्सकों ने भी लोगों को विशेष एहतियात बरतने की सलाह दी है। स्वास्थ्य केंद्रों में वायरल फीवर, खांसी, जुकाम से पीड़ितों का आंकड़ा बढ़ रहा है।
करसोग के केलोधार, नराश, महावन, पोखी, सरत्यौला, भंथल, शंकर देहरा, पुन्नी, कलाशन, चुराग में वायरल फीवर, खांसी, जुकाम से पीड़ित लोग उपचार के लिए करसोग अस्पताल पहुंच रहे हैं। जोनल अस्पताल मंडी में वायरल फीवर सर्दी तथा जुकाम के मरीज उपचार के लिए हर रोज आ रहे हैं। करसोग अस्पताल में प्रतिदिन 10-15 लोग जांच के लिए पहुंच रहे हैं। खंड चिकित्सा अधिकारी डा. दोरजे अंगरूप का कहना है कि शुष्क ठंड तथा मौसम में बदलाव के कारण बुखार, सर्दी जुकाम, गले में दर्द से पीड़ित मरीज बढ़ रहे हैं। करसोग अस्पताल में उपचार के लिए आए चेतन, राजू, सोहन लाल, श्याम लाल, रोशन लाल, दलीप का कहना है कि पेट दर्द, सर्दी और जुकाम से पीड़ित हैं। जिला स्वास्थ्य अधिकारी एनके भारद्वाज ने बताया कि बदलते मौसम में वायरल फीवर, सर्दी तथा जुकाम की शिकायत रहती है। मौसम में स्वास्थ्य को लेकर विशेष एहतियात बरतनी चाहिए।
—
चिकित्सकों की सलाह
खानपान पर विशेष ध्यान दें।
गली सड़ी सब्जी, फलों से परहेज करें।
पानी को उबाल कर ही इस्तेमाल करें।
तली हुई चीजों का प्रयोग कम करें।
सुबह-शाम शुष्क ठंड से बचें।
