
मंडी। छात्र संघ चुनाव में करसोग कालेज में अध्यक्ष पद पर एबीवीपी ने कब्जा किया। जबकि अन्य तीन सीटों पर एसएफआई के प्रत्याशियों ने जीत का परचम फहराया। कुल 1543 मतदाताओं में से 1160 ने मतदान किया। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद एसएफआई और एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने विजयी प्रत्याशियों के साथ जश्न मनाया।
अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के वीरेंद्र ठाकुर ने 533 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी एसएफआई के हिमालय राणा को 58 मतों से पराजित किया। उपप्रधान पद पर एसएफआई की मोनिका ने 488 मत प्राप्त कर प्र्रतिद्वंद्वी एबीवीपी के यशपाल को 47 वोटों से हराया। महासचिव पद पर वेगी राम ने 548 मत प्राप्त कर एबीवीपी के नरेंद्र कुमार को 100 मतों से मात दी। सहसचिव पद पर एसएफआई के पन्ना लाल ने 501 मत हासिल कर एबीवीपी के डूमेश्वर को 90 मतों से पराजित किया। जीत के बाद दोनों संगठनों ने अपने विजयी प्रत्याशियों के साथ जश्न मनाया।
