
सुंदरनगर (मंडी)। बुधवार शाम को यहां पुराना बस अड्डे के निकट लैंटर डालते समय लोहे की शटरिंग के बिजली की एचटी लाइन पर गिर गई। इसके कारण लैंटर पर काम कर रहे दो मजदूर करंट की चपेट में आने से झुलस गए। इस घटना के दौरान अर्थ फाल्ट हो जाने से आसपास के घरों में बैक करंट जाने से घर पर बिजली के उपकरणों के साथ काम कर रही तीन महिलाएं भी करंट की चपेट में आ गईं। इस घटना में घायल हुए सभी को उपचार के लिए यहां के नागरिक अस्पताल में भरती करवाया गया है। पुलिस ने मामले की जांच आरंभ कर दी है।
जानकारी के अनुसार भोजपुर स्थित पुराना बस अड्डे के निकट निर्माणाधीन एक मकान का लैंटर डालते समय लोहे की शटरिंग गिर कर एचटी लाइन पर जा गिरी। इसके कारण अर्थ फाल्ट आ जाने से लैंटर पर काम कर रहे दो मजदूर सुरेश कुमार व डोलू राम झुलस गए। इसी दौरान पास ही घरों को जा रही बिजली की लाइन पर बैक करंट आने से बिजली के उपकरणों पर काम कर रही तीन महिलाएं कमला देवी, लक्ष्मी देवी व राम प्यारी भी करंट की चपेट में आने से झुलस गईं। इस हादसे में घायल पांचों को उपचार के लिए यहां के नागरिक अस्पताल में भरती करवाया गया है, जहां पर उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई गई है। डीएसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया पुलिस मामले की जांच कर रही है। इधर, विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता जीसी शांडिल्य ने बताया यह हादसा निर्माणाधीन मकान के ठेकेदार की लापरवाही से हुआ है। इसकी विभागीय जांच आरंभ कर दी गई है।
