
बरमाणा (बिलासपुर)। विद्युत बोर्ड के बैरी सब-स्टेशन में आई खराबी दूर करने में जुटा एक कर्मचारी सोमवार को करंट लगने से बुरी तरह से झुलस गया। घायल अवस्था में उसे बिलासपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे उपचार हो रहा है।
गौरतलब है कि विद्युत बोर्ड के बैरी सब-स्टेशन में आई खराबी के कारण बैरी, पंजगाईं, धौनकोठी व धारटटोह पंचायतों में गत शनिवार दोपहर बाद के समय बिजली गुल हो गई थी। विद्युत आपूर्ति गत रविवार दोपहर बाद तक भी बहाल नहीं हो सकी थी। पंचायतों के दर्जनों गांव शनिवार रात को अंधेरे में डूबे थे। सोमवार को विद्युत बोर्ड के कर्मचारी बैरी सब-स्टेशन में आई खराबी दूर करने में जुटे हुए थे। ट्रांसफार्मर की मरम्मत करते समय टी-मेट सलेंद्र पाल करंट की चपेट में आ गया। बिजली का जोरदार करंट लगने से उसका चेहरा, हाथ व शरीर के कुछ अन्य हिस्से बुरी तरह से झुलस गए। सलेंद्र को तुरंत बिलासपुर अस्पताल ले जाया गया।
उधर, घटना का पता चलने पर एचपीएसईबी इंप्लाइज़ यूनियन के जिला अध्यक्ष यशवंत चौहान समेत कई अन्य पदाधिकारी भी जिला अस्पताल पहुंच गए। यूनियन का आरोप है कि बोर्ड के उच्चाधिकारियों के ढुलमुल रवैये के कारण इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। कर्मचारियों की सुरक्षा का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। उन्हें सुरक्षा उपकरण मुहैया कराए जाने चाहिए। इससे पहले बिलासपुर शहर के कोसरियां व डियारा में मरम्मत कार्य के दौरान करंट लगने से दो विद्युत कर्मियों को जान से हाथ धोना पड़ा था।
