कम भीड़ का कारण कड़ी सुरक्षा व्यवस्था : शीला

कम भीड़ का कारण कड़ी सुरक्षा व्यवस्था : शीला

नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली में राहुल गांधी की रैली में कम भीड़ जुटने के बाद मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने आज इसके लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और रैली स्थल पर नेताओं का इंतजार कर रहे लोगों को पानी लेकर जाने की अनुमति नहीं देने को जिम्मेदार ठहराया। राहुल के कल दक्षिणपुरी रैली में भाषण से पहले लोगों के चले जाने और रैली में कम भीड़ जुटने के बारे में पूछे जाने पर शीला ने कहा कि सुरक्षा बहुत कड़ी थी। लोगों को पानी की बोतल ले जाने की अनुमति नहीं थी। इसलिए हो सकता है कि वे प्यासे हों। जब लोगों को पानी ले जाने की अनुमति नहीं दी गई तो लोग थोड़ा नाराज हो गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग शुरूआत में ही आ गये थे उन्हें काफी इंतजार करना पड़ा और हो सकता है कि राहुल का करीब सात मिनट का भाषण शुरू होने से पहले ही वे स्थल छोड़कर चले जाने का एक कारण रहा हो। हालांकि उन्होंने दावा किया कि यह ‘अच्छी रैली’ थी और कांग्रेस उपाध्यक्ष ने ‘प्रभावशाली भाषण’ दिया। इस बारे में सूचना एवं प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी ने कहा कि वह रैलियों में आने वाली भीड़ को लोगों के मतदान का मानदंड नहीं मानते। तिवारी ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि भीड़ लोगों के मतदान के अधिकार का प्रयोग करने का संकेत या मानदंड है।

Related posts