कमाई के चक्कर में लोगों की जान दांव पर

रामपुर बुशहर। शहर में ऑटो का सफर खतरे से खाली नहीं है। ऑटो चालक मोटी कमाई के चक्कर में ओवरलोडिंग कर रहे हैं। हालत यह है कि सात से आठ लोगों को ठूंस-ठूंस कर भरा जा रहा है। यही नहीं चालक अपनी सीट पर भी दोनों ओर लोगों को बैठाकर सफर कर रहे हैं। हैरत की बात यह है कि यातायात पुलिस के सामने सब कुछ हो रहा है, लेकिन इसके बाद भी ऑटो चालकों के खिलाफ कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई जा पा रही है। क्योंकि जहां से ऑटो चालक सवारियों को ऑटो में लेकर चलते हैं, उसके ठीक समाने यातायात पुलिस कर्मी ड्यूटी दे रहे होते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि पुलिस क्या किसी हादसे का इंतजार कर रही है? या फिर यातायात पुलिस और ऑटो चालकों में कोई आपसी तालमेल तो नहीं है?
रामपुर के पुराना बस अड्डा के पास से खोपड़ी, नोगली, डिग्री कॉलेज, चूहा बाग, पीपटी, खनेरी अस्पताल सहित अन्य स्थानों के लिए ऑटो चलते हैं, लेकिन यहां से निकलने वाला कोई भी ऑटो ऐसा नहीं है, जो ओवरलोड न हो। इसके बावजूद यातायात पुलिस तमाशा देख रही है। यहीं नहीं ऑटो चालकों की मनमानी इस कदर हावी है कि जहां से चाह वहां यू टर्न लेना शुरू कर देते हैं। इस कारण आए दिन पुराने बस अड्डे के पास जाम लग रहा है, लेकिन इतना कुछ होने के बाद भी पुलिस इनके खिलाफ कोई कार्रवाई अमल में नहीं ला रही है।
बाक्स
क्या कहना है पुलिस का
इस बारे में डीएसपी रामपुर सुनील नेगी का कहना है कि यातायात पुलिस को ओवरलोडिंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अगर फिर भी ऑटो चालक ओवरलोडिंग कर रहे तो इस बारे में यातायात पुलिस से जवाब तलब किया जाएगा। उन्होंने साफ किया कि लोगों की जान से किसी भी हाल में खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।

Related posts