कमलजीत ने जीता हिंद केसरी खिताब

बलद्वाड़ा (मंडी)। यहां आयोजित विशाल कुश्ती दंगल में कमलजीत दुमछेड़ी को हिंदकेसरी के खिताब से नवाजा गया। छिंज के दौरान कमलजीत और अच्छर सिंह के बीच मुकाबला हुआ। इसमें कमलजीत ने अच्छर सिंह को पटकनी देकर हिंद केसरी खिताब जीता। छिंज की बड़ी माली के लिए चंबा के गनी और प्रदीप के बीच मुकाबला हुआ। इसमें गनी ने प्रदीप को हराकर माली जीत ली। विजेता को पचीस हजार और उपविजेता को 15 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। छोटी माली का मुकाबला जितेंद्र दुमछेड़ी और मन्ना जीरकपुर के बीच हुआ। यह मुकाबला बराबरी पर छूटा। आयोजकों की ओर से दोनों को छह-छह हजार रुपये के पुरस्कार दिए गए। इस छिंज में हिमाचल के अलावा यूपी, दिल्ली, जम्मू के नामी पहलवानों ने भाग लिया। छिंज कमेटी के प्रधान अशोक कुमार भुट्टो और कोषाध्यक्ष अरविंद ठाकुर उर्फ सोनू ने पहलवानों को सम्मानित किया।

Related posts