
रुद्रपुर। काशीपुर रोड स्थित कबाड़ के गोदाम में लगी आग से करीब पांच लाख रुपए से अधिक का सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंचे पुलिस और दमकल कर्मियों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। संभावना जताई जा रही है, कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी।
पुलिस के मुताबिक काशीपुर रोड स्थित मलिक कालोनी क्षेत्र में फुरकान अली का कबाड़ का गोदाम है। शनिवार देर रात कुछ लोगों को गोदाम से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते गोदाम से आग की तेज लपटें आने लगी। उन्होंने मामले की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। सूचना पर एफएसओ डीएस पवार, आदर्श कालोनी चौकी इंचार्ज भुवन चंद्र जोशी पुलिस और दमकल विभाग के तीन वाहनों के साथ मौके पर पहुंच गए। दमकल और पुलिस कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस के मुताबिक आग शॉर्ट सर्किट से लगी होगी। इधर गोदाम स्वामी फुरकान ने बताया कि आग लगने से प्लास्टिक का सामान, ड्रम, लोहे का कबाड़, गत्ता समेत करीब पांच लाख रुपए से अधिक का कबाड़ जलकर राख हो गया है। इधर सिडकुल क्षेत्र में सेक्टर 11 स्थित एक फैक्ट्री की कैंटीन में भी आग लग गई। पुलिस के मुताबिक आग गैस सिलेंडर में लगी थी। सूचना पर पहुंची दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
नोट फोटो संख्या 01 आरडीपी-11पी-रुद्रपुर काशीपुर रोड स्थित कबाड़ के गोदाम में लगी आग।
