
बिलासपुर। जिले में वीरवार को पुलिस अधीक्षक पद का कार्यभार कपिल शर्मा ने संभाल लिया है। वह इससे पहले यहां कार्यरत रहे एसपी अनुपम शर्मा के स्थान पर स्थानांतरित होकर आए हैं। इस बीच, महज करीब छह माह में ही अनुपम शर्मा के तबादले को लेकर चरचाओं का दौर शुरू हो गया है। इसे एक मीडिया कर्मी की गिरफ्तारी को लेकर उपजे विवाद के नतीजे के रूप में देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि अनुपम शर्मा गत जनवरी में ही बिलासपुर के एसपी नियुक्त हुए थे। हाल ही में जुखाला क्षेत्र में कार्यरत एक पत्रकार की गिरफ्तारी का मामला सुर्खियों में बना हुआ है। पत्रकारों ने इसे लेकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोरचा भी खोल रखा है। जिले में पुलिस विभाग का मुखिया होने के नाते मुख्य रूप से निशाने पर एसपी ही थे। चूंकि यह मुद्दा प्रदेश स्तर पर गूंजने लगा है, ऐसे में एसपी के तबादले को इसी प्रकरण से जोड़कर देखा जा रहा है।
