
बागेश्वर। कपकोट क्षेत्र में नदियों और नालों पर आवागमन आसान करने के लिए सरकार ने पांच पुलों की मंजूरी प्रदान की है। विधायक ललित फर्स्वाण ने बताया कि कपकोट में असाें के समीप पोलिंग गांव में पुल बनाने की मांग काफी पुरानी थी। सरयू नदी के कारण लोगों को काफी दूर तक चलना पड़ता था। अब यह समस्या दूर हो जाएगी।
यहां 60 मीटर झूला पुल के लिए दो लाख चालीस हजार मंजूर हुए हैं। काफली कमेड़ा के घुड़किया गधेरे में 24 मीटर पैदल पुल के लिए 96 हजार, सूड़िंग के चूड़ियाधार गधेरे में 24 मीटर स्टील गार्डर पुल के लिए 96 हजार, देवतोली इंटर कालेज को सिमायल गांव से जोड़ने के लिए 30 मीटर स्टील गार्डर पुल के लिए एक लाख 20 हजार, मलसूना के इजेड़िया गधेरे में 24 मीटर स्टील पुल के लिए 96 हजार रुपए मंजूर हो गए हैं। इसी वित्तीय वर्ष में टोकन मनी के तौर पर प्रत्येक पुल के लिए दस-दस हजार रुपये लोनिवि को अवमुक्त हुए हैं। उधर, राज्य शासन की अनुसचिव महिमा ने लोनिवि के प्रमुख अभियंता को भेजे पत्र में कहा है कि प्रशासकीय और वित्तीय व्यय की स्वीकृति भी इन कार्यों के लिए दे दी गई है।
