
कपकोट। पुलिस ने सहायक खंड विकास अधिकारी एबीडीओ मोहन सिंह माहरा के खिलाफ लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया है। एक अगस्त को लोहारखेत स्थित आवास गृह के चौकीदार ने उसके खिलाफ आपदा राहत सामग्री उठाकर ले जाने का मामला दर्ज कराया था। एबीडीओ के खिलाफ दो माह में यह तीसरा मामला दर्ज हुआ है।
सौंग स्थित आवास गृह में प्रशासन ने आपदा राहत सामग्री का स्टाक रखा था। यह सामान चौकीदार प्रवीण सिंह धर्मशक्तू की सुपुर्दगी में था। एक अगस्त को एबीडीओ मोहन सिंह माहरा वहां गया। उसने राहत सामग्री अपनी कार में रख ली और वहां से ले गया। इसके बाद चौकीदार ने प्रशासन को सूचना दी। प्रशासन के निर्देश पर कपकोट थाना पुलिस ने जांच की। जिसमें राहत सामग्री उठाने के आरोप की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आवास गृह से राहत सामग्री लूटने के जुर्म में एबीडीओ के खिलाफ धारा 392 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में नामजद अधिकारी की गिरफ्तारी के प्रयास चल रहे हैं। इससे पहले दो जुलाई को दुलम की महिला ग्राम प्रधान ने एबीडीओ के खिलाफ गाली गलौच और अभद्रता करने के जुर्म में एफआईआर कराई थी। बाद में एक अगस्त को भराड़ी बाजार में एबीडीओ ने शराब पीकर हुड़दंग मचाया था। इस मामले में उसकी गिरफ्तारी हुई थी। अदालत से उसे जमानत मिल गई। अब लूटपाट के मामले में कार्रवाई की तैयारी चल रही है।
