
नाहन (सिरमौर)। राज्य विज्ञान प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद के तत्वावधान में सोमवार को तीन दिवसीय जिला स्तरीय बाल विज्ञान सम्मेलन का आयोजन हुआ। वरिष्ठ कन्या पाठशाला में आयोजित इस सम्मेलन में उप शिक्षा निदेशक प्रारंभिक विभाग एवं राष्ट्रीय विज्ञान प्रौद्योगिकी एवं संचार परिषद ने विशेष सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ एडीएम मनमोहन शर्मा ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना से किया गया। बाद में कन्या वरिष्ठ स्कूल की प्रधानाचार्य विजय चौहान ने उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान साइंस सुपरवाइजर हरदेव सिंह ने बताया कि इस दौरान प्रश्नोत्तरी, माडल प्रदर्शनी, एक्टिविटी कार्नर, प्रोजेक्ट रिपोर्ट तथा स्किट प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा।
कार्यक्रम के दौरान एडीएम मनमोहन शर्मा एवं प्रारंभिक शिक्षा उप निदेशक मान सिंह ठाकुर ने विभिन्न स्कूलों से आए छात्र-छात्राओं की विज्ञान से संबंधित प्रयोग विधियों को जांचा। एडीएम मनमोहन शर्मा ने कहा कि वर्तमान में जीवन का कोई भी पक्ष विज्ञान से अछूता नहीं है। बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने की आवश्यकता है। विज्ञान का प्रयोग सकारात्मक रूप में होना चाहिए।
इस अवसर पर पर्यावरण सोसाइटी के अध्यक्ष डा. सुरेश जोशी, जिला शारीरिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अमरजीत परमार, प्रसिद्ध समाजसेवी सत्येंद्र सिंह आदि कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
