कनलोग में फंसीं गाड़ियां, पैदल करना पड़ा सफर

शिमला। टुटीकंडी बाईपास पर कनलोग स्थित श्मशानघाट के पास पाला जमा होने से कई वाहन बीच सड़क में फंस गए। इस कारण सोमवार सुबह बाईपास जाम हो गया। कनलोग से लालपानी तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोग पैदल सफर करने को मजबूर दिखे। सचिवालय और कसुम्पटी की ओर जाने वाली सभी बसें सुबह नौ बजे से जाम में फंसी रहीं। इस दौरान सैकड़ों लोग खलीनी तक पैदल पहुंचे। खलीनी से दूसरी बसें लेकर कर्मी 11:00 बजे तक अपने-अपने कार्य क्षेत्रों में पहुंचे।
कनलोग श्मशानघाट के बिलकुल सामने एचआरटीसी की लाल बस स्किड होकर बीच सड़क में फंस गई थी। इस कारण ट्रैफिक वन वे हो गया। एक-एक कर गाड़ियों को निकाला गया लेकिन कुछ छोटी गाड़ियां भी इसी दौरान पाले पर फिसलकर बीच सड़क में खड़ी हो र्गइं। टुटीकंडी से सचिवालय जा रहे मोहन शर्मा, कमल ठाकुर, निर्मला चौहान, आशा कुमारी ने बताया कि ऑफिस में उपस्थिति बायोमीट्रिक मशीन पर लगती है। सुबह नौ बजे घर से निकल गए थे लेकिन जाम लगने के चलते कनलोग में ही 10:00 बज गए। एसडीए कांप्लेक्स जा रहे चक्कर के कृष्ण शर्मा, कुमारी भारती, पूजा वर्मा ने कहा कि पैदल खलीनी तक जाना पड़ा है। 11:00 बजे ऑफिस पहुंचने पर आधे दिन की छुट्टी कट जाएगी।

Related posts