कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम पहुंचीं ईवीएम

रामपुर बुशहर। लोक सभा चुनाव का मतदान पूर्ण होने पर रामपुर उपमंडल के सभी बूथों से ईवीएम मशीनों को कड़ी सुरक्षा के बीच रामपुर स्थित स्ट्रांग रूम में लाया गया। जहां 16 मई को इनकी मतगणना होनी है। लोक सभा चुनाव के प्रत्याशियों के भाग्य का पिटारा 16 मई को खुलेगा। बुधवार को पोलिंग बूथों से इन ईवीएम मशीनों को कड़ी सुरक्षा के बीच लाया गया। वहीं, कुछ दुर्गम क्षेत्रों से वीरवार सुबह चुनाव सामग्री लाई गई। इसे रामपुर के पद्म वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम में रखा गया है। इसकी सुरक्षा के लिए आर्मी की एक बटालियन का इंतजाम किया गया है। वहीं, आईआरबी और पुलिस के जवान 24 घंटे पहरा देकर मशीनों की सुरक्षा कर रहे हैं। इन जवानों को इन्नर कॉर्डन और आउटर कॉर्डन के तहत तैनात किया गया है। हालांकि 16 मई को इन ईवीएम मशीनों से मतगणना होनी शेष है, लेकिन चुनाव की दृष्टि से इन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच रखा गया है। जहां 24 घंटे आर्मी, आईआरबी और पुलिस के जवान इनकी सुरक्षा पर नजर बनाए हुए हैं।
इस बारे में सहायक चुनाव अधिकारी एवं एसडीएम रामपुर दलीप नेगी का कहना है कि रामपुर उपमंडल के तहत आने वाले 149 पोलिंग बूथों से सभी ईवीएम मशीनों को कड़ी सुरक्षा के बीच रामपुर लाया जा चुका है। इनकी मतगणना 16 मई को होनी है। उन्होंने कहा कि मशीनों की सुरक्षा के लिए आर्मी की बटालियन आईआरबी और पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है।

Related posts