कड़की में फंसा तेंदुआ, मौत

देहरा

देहरा: देहरा के समीपवर्ती क्षेत्र जम्बल बस्सी में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया जब वन्य प्राणी कानून से बेखौफ किसी शिकारी द्वारा जंगली जानवर को पकडऩे के लिए खेत में लगाई कड़की में तेंदुआ फंसा मिला। खबर मिलते ही वन व वन्य प्राणी विभाग के अधिकारी व कर्मचारी वहां पहुंच गए। तेंदुए को पकडऩे के लिए हमीरपुर स्थित वन्य प्राणी विभाग से विशेषज्ञों को यहां बुलाया गया तथा उन्होंने उसे ट्रैकुलाइज गन से शॉट चला बेहोश कर पिंजरे में डाल दिया। बाद में वे तेंदुए को देहरा लेकर आ गए लेकिन देहरा पहुंचते ही तेंदुए की मौत हो गई।


तेंदुए की देहरा पशु अस्पताल में लाने की खबर से समूचे क्षेत्र में लोगों का हुजूम लग गया। बाद में तेंदुए का पोस्टमार्टम करने के बाद वन विभाग ने इसे आग के हवाले कर दिया। बेहोशी से पहले तक जिंदा तेंदुए की मौत कैसे हुई, इस पर सवालिया निशान लग गया है। ऐसे भी कयास लगाए जा रहे हैं कि तेंदुए की मौत बेहोशी की दवाई की ओवरडोज से हो सकती है।


तेंदुए की सूचना पाते ही वन व पुलिस विभाग कर्मी मौके पर पहुंच गए थे तथा बेहोश करने के बाद तेंदुआ कैसे मरा यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही पता चलेगा तथा अज्ञात शिकारी के खिलाफ मामला देहरा थाना में दर्ज करवा दिया गया है।
जेसी कटोच, वन मंडल अधिकारी देहरा

Related posts