कठुआ में आतंकवादी हमला, पांच पुलिस कर्मियों समेत छह की मौत

कठुआ में आतंकवादी हमला, पांच पुलिस कर्मियों समेत छह की मौत

कठुआ : जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर आतंकवादियों ने दहशत का खेल खेला है। जम्मू के कठुआ जिले में पड़ने वाले हीरानगर पुलिस स्टेशन पर आंतकी हमले के समाचार प्राप्त हुए हैं। इस हमले में पांच पुलिसकर्मियों समेत छह लोगों के मारे जाने की खबर है।

जानकारी के अनुसार हमलावर सेना की वर्दी में सुबह करीब 6:30 बजे हीरानगर थाने में दाखिल हुए और उन्होंने पुलिसकर्मियों पर हमला बोल दिया। सूत्रों ने बताया, आतंकवादियों ने हीरानगर पुलिस थाने में हमले के लिए ग्रेनेड और स्वचालित हथियार का इस्तेमाल किया।

बताया जा रहा है कि 3 आतंकवादी जिस ऑटो रिक्शा में सवार होकर हीरानगर थाना पहुंचे थे, उसके ड्राइवर को भी उन्होंने मार दिया। इसके अलावा 3 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमला करने के बाद वे ट्रक से फरार हो गए। हमले के वक्त ट्रक उसी थाने के बाहर मौजूद था। इस हमले में ट्रक ड्राइवर की भी मौत हो गई।

कठुआ में हीरानगर पुलिस स्टेशन पर हमला करने के बाद ट्रक से फरार हुए आतंकवादियों का गुट जम्मू से 40 किमी दूर सांबा पहुंचकर जबरन आर्मी कैंप में घुस गया और उन्होंने सेना के कैंप पर धावा बोल दिया। सूत्रों के अनुसार सांबा में सेना और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है। सेना ने तीन में से दो आतंकवादियों को मार गिराया है। आतंकवादियों की इस मुठभेड़ में एक लेफ्टिनेंट कर्नल और 2 जवान शहीद हुए हैं।

Related posts