
गोहर (मंडी)। जंजैहली घाटी के बगस्याड़ में बादल फटने से मंडी जंजैहली मार्ग दूसरे दिन भी वाहनों की आवाजाही के पूर्ण रूप से बंद रहा। लोक निर्माण विभाग ने बगस्याड़ में यातायात बहाल करने के लिए जबाल खड्ड पर बैली ब्रिज का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। विभाग का दावा है कि आगामी पांच दिन के भीतर मंडी जंजैहली सड़क मार्ग पर यातायात बहाल कर दिया जाएगा।
बादल फटने से बगस्याड़ में सेब बगीचे, मकानों, गौशालाएं और पंचायत के रास्तों को भारी क्षति पहुंची। प्रशासन ने बगस्याड़ में दो करोड़ रुपए के नुकसान की पुष्टि की है। उधर, मंगलवार से हो रही गोहर उपमंडल में बारिश से लोनिवि मंडल गोहर की सभी प्रमुख सड़केंऔर संपर्क मार्ग ल्हासे गिरने के कारण बाधित हो गए हैं। लोनिवि मंडल गोहर की बालीचौकी सुधरानी, भौंचड़ी कांढा, सुधरानी थाटा, गाड़ागुशैणी छतरी, टपनाली घाट, थाची नरैनगलू, कुकलाह बागी, पंडोह माता बगलामुखी, गोहर कांढा, केलोधार परवाड़ा, चैल जंजैहली, कोट देवीदहड़ समेत विभाग के अंतर्गत सभी संपर्क मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बाधित हो गए हैं।
लोनिवि के अधिशासी अभियंता केके शर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि सभी सड़कों को बहाल करने के लिए डेढ़ दर्जन जेसीबी और तीनों उपमंडलों गोहर, बालीचौकी और जंजैहली में तीन सौ मजदूर तैनात कर दिए गए हैं। बगस्याड़ में जबाल खड्ड पर बैली ब्रिज का युद्ध स्तर पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। मौसम ने साथ दिया तो आगामी पांच दिन में बैली ब्रिज का निर्माण कर दिया जाएगा। तहसीलदार थुनाग विद्याधर नेगी ने बताया कि घाटी में बारिश से प्रमुख समस्या सड़कों की पेश आई है। जानी नुकसान की कोई सूचना नहीं है। बहरहाल जंजैहली घाटी में बरसात से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है।
