कजलोट गांव के रास्ते पर खतरे के बादल

धर्मशाला। बरसात का कहर जारी रहा तो कुछ ही दिनाें में कजलोट के गांव व आर्मी एरिया का संपर्क मुख्य मार्ग से पूरी तरह से कट जाएगा। इसके चलते सेना और साथ लगते गांव के लोगों की मुसीबतें बढ़ सकती हैं।
सात अगस्त को भूस्खलन से कजलोट पंचायत की टीहरा लाइन के दूसरे मोड़ के पास करीब 42 सरकारी क्वार्टर तथा 23 घरों को भारी नुकसान हुआ था। जबकि कुछ पूरी तरह से जमींदोज हो गए थे। रविवार शाम व रात को हुई भारी बारिश के बाद खतरे की जद में आए और क्वार्टर भी जमींदोज हो गए। अब बारिश के कारण गांव को जाने वाली सड़क पर भी खतरा मंडराने लगा है। अगर क्षेत्र में मूसलाधार बारिश जारी रहती है तो भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्र का मलबा सुधेड़ गांव तक पहुंच सकता है। उधर, एसडीएम डा. हरीश गज्जू ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कई जगह भूस्खलन की घटनाओं को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की हिदायत भी दी गई है और प्रभावित लोगों की प्रशासन की ओर से पूरी सहायता भी प्रदान की जा रही है।

Related posts