
पिथौरागढ़। स्पेशल आपरेशन ग्रुप (एसओजी) की टीम ने जगतड़ क्षेत्र में अवैध रूप से कच्ची शराब बनाने वाली फैक्ट्री को पकड़ा है। मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
एसओजी इंचार्ज धर्मवीर सोलंकी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर बुधवार देर रात जगतड़ क्षेत्र में लक्ष्मण राम पुत्र प्रेम राम को उसके घर के पीछे कच्ची शराब की फैक्ट्री चलाते हुए गिरफ्तार किया। अभियुक्त के पास से पांच लीटर कच्ची शराब भी बरामद की गई। इसके अलावा भट्ठी में तैयार हो रही 35 लीटर कच्ची शराब और शराब बनाने के उपकरण मिले हैं।
एसओजी प्रभारी के नेतृत्व में चले अभियान में मनमोहन भंडारी, ललित बिष्ट, सुरेंद्र ढेक, ललित कुमार शामिल थे। कोतवाली जीपी बौठियाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60, 61 के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है। अभियुक्त को बृहस्पतिवार को सीजेएम की कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
