
बिलासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बिलासपुर में संचालित राज्य मुक्त विद्यालय की कक्षाएं 24 नवंबर से नियमित रूप से शुरू हो गई है। कुछ विद्यार्थी अभी भी कक्षाएं लगाने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे। ऐसे विद्यार्थियों को शिक्षकों ने कड़ी हिदायत देते हुए नियमित रूप से कक्षाएं लगाने के आदेश दिए हैं। केंद्र के समन्वयक एवं प्रधानाचार्य केएल शर्मा ने चेतावनी दी है कि यदि नियमित रूप से विद्यार्थियों ने कक्षाएं नहीं लगाई तो उनका प्रवेश रद कर दिया जाएगा।
प्रधानाचार्य केएल शर्मा ने बताया कि इस पाठशाला में आठवीं, दसवीं एवं बारहवीं कक्षाओं में जिन बच्चों ने प्रवेश किया है, वह अवकाश वाले दिन स्कूल में आकर कक्षाएं लगाएं। केंद्र में हर रविवार एवं अराजपत्रित अवकाश वाले दिन कक्षाएं नियमित रूप से लगाई जा रही है। उन्होंने सभी छात्रों से अपील की है कि वह नियमित रूप से कक्षाएं लगाएं। जिन विद्यार्थियों ने 24 नवंबर को कक्षा नहीं लगाई वह अगले रविवार यानी एक दिसंबर को अपनी उपस्थिति अवश्य दर्ज करवाएं। नियमित रूप से कक्षा में उपस्थिति नहीं होने वाले विद्यार्थियों का प्रवेश रद कर दिया जाएगा। उधर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नम्होल में भी राज्य मुक्त विद्यालय का केंद्र शुरू हो गया है। मार्च 2014 में होने वाली परीक्षा को लेकर छह दिसंबर से यहां नियमित रूप से कक्षाएं आरंभ हो जाएगी। कक्षाओं का आयोजन सुबह 8:30 बजे से शाम पांच बजे तक होगा। प्रधानाचार्य नम्होल सुरेश जोशी ने कहा कि इस केंद्र से संबंधित सभी छात्र-छात्राओं से अपील है कि वह छह दिसंबर से अपनी कक्षाएं लगाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कक्षाएं नहीं लगाने वाले विद्यार्थियों के लिए मार्च में होने वाली परीक्षा में बैठना मुश्किल हो जाएगा। उनकी परीक्षा में एंटरी रद की जा सकती है।
