
शिमला

हिमाचल में आज से कई रूटों पर निजी बसें दौड़नी शुरू हो जाएंगी। ये बसें उन रूटों पर दौड़ेंगी, जहां सवारियों की आवाजाही ज्यादा होगी। यह निर्णय हिमाचल प्रदेश निजी बस ऑपरेटर्स संघ ने परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर और निदेशक परिवहन कैप्टन जेएम पठानिया के साथ वीडियो कांफ्रेंस में लिया। हिमाचल में 3 माह से प्राइवेट बसें खड़ी हैं। परिवहन मंत्री के आश्वासन पर यह तय हुआ कि सोमवार से उस रूट पर बसें चलेंगी, जिस रूट पर ज्यादा जरूरत है तथा जो बसें अपना खर्चा निकाल सकती हैं।
परिवहन मंत्री ने आश्वासन दिया कि 25 जून को मंत्रिमंडल की बैठक में निजी बस ऑपरेटरों को कोई न कोई राहत दी जाएगी, क्योंकि सरकार ने जनता और निजी बस ऑपरेटर दोनों को देखना है। निजी बस ऑपरेटर के अध्यक्ष पराशर ने कहा कि बैठक में यह तय हुआ है कि जहां सवारियां हैं, वहां बसें चलेंगी। बैठक में हिमाचल के सभी जिला प्रधानों सहित कम से कम 250 निजी बस ऑपरेटरों ने भाग लिया।
