कई कर्मचारी मिले लंबे समय से अनुपस्थित

बागेश्वर। मुख्य विकास अधिकारी रोशन लाल ने शनिवार को विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें कई कर्मचारी लंबे समय अनुपस्थित मिले। उन्होंने अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने सबसे पहले युवा कल्याण विभाग का निरीक्षण किया। जिसमें कनिष्ठ सहायक गिरीश चंद्र तिवारी तीन महीने से अनुपस्थित मिले। व्यायाम प्रशिक्षक गजेंद्र सिंह धनिक दो से 13 अगस्त तक चिकित्सा अवकाश पर गए लेकिन आज तक उपस्थित नहीं हुए। इस पर सीडीओ ने सख्त नाराजगी जताई। कार्यालयाध्यक्ष को निर्देश दिए कि वह अनुपस्थित कर्मचारियों को स्पष्टीकरण लेकर उन्हें भी अवगत कराएं। इसके बाद उन्होंने उद्यान विभाग का निरीक्षण किया। वहां माली हीरा सिंह बिष्ट चिकित्सा अवकाश पर और चौकीदार कुंदन सिंह देवड़ी चार जून से आज तक अनुपस्थित मिले। जिला उद्यान अधिकारी को अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मत्स्य विभाग में उपस्थित पंजिका निर्धारित प्रारूप में नहीं बनाई गई। लघु सिंचाई विभाग में स्टेनो हेमलता पाठक विगत कई दिनों से अनुपस्थित चल रही है। अधिशासी अभियंता को स्टेनो के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला विकास अधिकरी केएन तिवारी, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र सिंह राणा, परियोजना निदेशक हिमांशु जोशी, बीसी पाठक आदि मौजूद थे।

Related posts