कई अफसरों पर दर्ज हो सकती है एफआईआर

शिमला। कांग्रेस के पूर्व कार्यकाल में हुए चिट भर्ती घोटाले की जांच विजिलेंस ने पूरी कर दी है। मामले की जांच हाईकोर्ट की निगरानी में एपी एसआईयू विजिलेंस की टीम कर रही है। विजिलेंस सूत्रों के अनुसार इस मामले में कई अधिकारी तथा कर्मचारी जांच के दायरे में आएंगे और कुछ के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो सकती है।
जांच में चार विभागों के खिलाफ भर्तियों को लेकर कई अनियमितताएं पाई गईं। यदि सरकार की ओर से इन विभागों के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दी जाती है तो कई अधिकारी लपेटे में आ सकते हैं। 59 विभागों पर चिट के आधार पर 3200 से अधिक भर्तियां करने के आरोप लगे थे। विजिलेंस 50 से अधिक विभागों को क्लीन चिट दे चुका है।
विजिलेंस के अनुसार इन विभागों के खिलाफ हुई जांच में कोई अनियमितताएं नहीं पाई गई, जिस कारण इन्हें क्लीन चिट दी गई। इसके अलावा तीन विभागों को बंद करने और चार विभागों में सरकार से अभियोजन की मंजूरी की सिफारिश की गई है। जांच पूरी करने के बाद विजिलेंस की टीम अब जांच में सामने आए तथ्यों को कंपाइल कर रहे हैं। जनवरी 2014 के पहले सप्ताह में विजिलेंस को जांच रिपोर्ट हाईकोर्ट के समक्ष रखनी है। एसपी विजिलेंस डीडब्ल्यू नेगी ने बताया कि मामले की जांच पूरी हो चुकी है। रिपोर्ट में क्या सामने आया है इस बारे में उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।

Related posts