
रोहड़ू।(सुंदर औक्टा ) बिजली बोर्ड क्षेत्र के कई उपभोक्ताओं को मनमाने बिल थमा रहा है तो कहीं पर पांच माह से उपभोक्ता बिलों के इंतजार में हैं। रोहड़ू और जुब्बल मंडल में बिजली बोर्ड की कार्यप्रणाली से खफा उपभोक्ताओं ने अधिकारियों से मामले की जांच की मांग की है। अधिकतर उपभोक्ताओं के भारी भरकम बिजली बिल देख कर होश फाख्ता हैं।
पूरे क्षेत्र में बीते कई माह से बिजली उपभोक्ताओं को समय पर बिल नहीं मिल रहे हैं। कई गांवों में उपभोक्ताओं को दस से बीस हजार रुपये तक के बिजली बिल दिए गए हैं। बजरेट कोटी निवासी मेहर सिंह ने बताया कि पहले कई माह तक बिजली के बिल नहीं दिए गए। अब एक साथ हजारों रुपये का बिल दिया गया। सुरेश कुमार ने बताया कि उनके घर में बिजली के तीन बल्ब जल रहे हैं। बिजली बोर्ड ने दो माह का बिल उन्हें आठ हजार रुपये भेजा है। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता गौवर्धन चौहान ने बताया कि बिजली के बिल काटने का काम ठेके पर दिया गया है। बिल बनाने वाली मशीनों में खराबी है या वे अपनी कमीशन के चक्कर में लोगों को मनमाने बिल दे रहे हैं। उपभोक्ताओं ने बिजली बोर्ड के दफ्तर पहुंच कर इसका विरोध भी किया है। उन्होंने कहा अधिकारियों ने किश्तों में बिल के भुगतान को कहा है। उपभोक्ताओं ने बिजली के मनमाने बिल जमा करने से इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा यदि बिजली बोर्ड ने बिजली बंद करने की कोशिश की तो वे न्यायालय में जाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि बिजली बोर्ड घाटे को पूरा करने के लिए उपभोक्ताओं को लूट रहा है।
बाक्स
क्या कहना है अधिकारियों का
इस संबंध में बिजली बोर्ड के एसडीओ एसके मेहता का कहना है कि लोगों की दो तीन दिन से शिकायतें मिली हैं। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता इसकी लिखित शिकायत दें। बिजली बोर्ड शिकायत के आधार पर कार्रवाई करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कई माह बाद यदि उपभोक्ताओं को बिल मिले हैं तो वे मिल कर किश्तों में इसका भुगतान कर सकते हैं।
