कंफेक्शनरी की दुकान से चरस बरामद

देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। देहरा पुलिस ने रविवार रात को एक दुकान में छापा मारकर चरस बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार देहरा पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि नेहरनपुखर बाजार के निकटवर्ती स्थान में कंफेक्शनरी की दुकान में चरस रखी गई है। पुलिस टीम ने रविवार रात दुकान पर छापा मारा तथा वहां से करीब 40 ग्राम चरस पकड़ी। पुलिस ने चरस रखने के आरोप में दुकानदार दिनेश के खिलाफ मामला दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी बीडी भाटिया ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि पुलिस दुकानदार से पूछताछ कर रही है कि चरस कहां से लाई गई है और उन्हें चरस कौन सप्लाई करता है।

Related posts