
धर्मशाला/नगरोटा बगवां। पुलिस थाना नगरोटा बगवां के तहत शोरूम खुलवाने के नाम पर एक कंपनी द्वारा धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। कंपनी प्रबंधकों ने कथित तौर पर एक व्यक्ति को शोरूम खोलने के अलावा कंपनी के खाते में 12 लाख 25 हजार रुपए जमा करवाने को कहा। लेकिन किस्तों में रकम जमा करवाने के बावजूद सामान नहीं भेजा गया। इस पर पुलिस ने कंपनी के लगभग आधा दर्जन अधिकारियों पर मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस स्टेशन नगरोटा बगवां में पुष्कर धीमान निवासी लोअर हटवास की शिकायत पर राजीव धीमान निवासी वार्ड नं. छह नगरोटा बगवां, अमिता ऐरी मार्केटिंग हेड हिमाचल प्रदेश इलेक्ट्रानिक्स एंड प्रावइेट लिमिटेड आफिस कम निवासी 21ए प्रोफेसर कालोनी यामिनी नगर हरियाणा, मुकेश भारद्वाज जोनल हेड की. इलेक्ट्रानिक्स प्राइवेट लिमिटेड मार्केंटिंग कार्यालय डब्ल्यू 23 सेक्टर 11 नोलिया निवासी 535/28 इंदिरा नगर भीलवाड़ा अजमेर राजस्थान, मार्केटिंग निदेशक पुनीत गौर रिशाल, आपरेशन हेड साक्षी परमार, मैनेजिंग डायरेक्टर तरुण सिंह, अकाउंट हेड साहिल बतरा के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 406 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उपरोक्त व्यक्तियों ने पुष्कर धीमान को कंपनी के खाते में 12 लाख 25 हजार रुपए जमा करने के लिए कहा था। उन्होंने बताया कि इसके बदले में सामान कंपनी की ओर दिया जाना था। धीमान को इन्होंने अलग-अलग किस्तों में पैसा जमा करवाने को कहा। पुष्कर ने पैसे जमा करवा दिए लेकिन जब उन्होंने कंपनी कार्यालय से संपर्ककिया तो कंपनी के सदस्यों ने टालमोल करना शुरू कर दिया। यहां तक कि कंपनी प्रतिनिधि साक्षी परमार की ओर से महिला हिंसा के नाम पर मामला बनाने की धमकी भी दी। एसपी बलवीर ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने उक्त लोगों के खिलाफ धारा 420 और 406 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
