
कंडवाल (कांगड़ा)। कंडवाल पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर 52 टीन बिरोजा बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कंडवाल पुलिस को सूचना मिली कि शाहपुर से 52 टीन बिरोजा अवैध रूप से होशियारपुर (पंजाब) ले जाया जा रहा है। इस पर कंडवाल पुलिस के एएसआई अजीत कुमार की अगुवाई में मुख्य आरक्षी वीर सिंह, अशोक कुमार, गुरदयाल सिंह, कांस्टेबल नरेश कुमार तथा मनिंद्र सिंह ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बैरियर पर नाकाबंदी कर दी। सुबह लगभग सवा 10 बजे के करीब पुलिस ने शाहपुर की तरफ से आ रहे एक ट्रक नं एचपी 23-1587 को रुकने का इशारा किया। इसे रोशन लाल पुत्र रशपाल सिंह निवासी दौलतपुर चौक (ऊना) चला रहा था। गाड़ी के रुकने पर उसकी जांच के लिए चालक से गाड़ी के कागजात मांगे तो चालक ने न तो गाड़ी के कागज दिखाए और न ही लाइसेंस। पुलिस ने शक के आधार पर गाड़ी की तलाशी ली तो 2 जाली नंबर प्लेटें मिलीं तथा ट्रक के टूल बाक्स में अवैध रूप से रखे हुए 18-18 किलो वजन के 52 टीन बिरोजे के बरामद किए। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर ट्रक को कब्जे में ले लिया और वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। वहीं, डीएसपी राजीव अत्री ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
